- काशीपुर में मिली बड़ी बरामदगी के बाद STF की दूसरी बड़ी कार्रवाई, अब तक 12 अवैध हथियार और 315 कारतूस जब्त, सात आरोपी जेल भेजे गए
देहरादून/रुद्रपुर। उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ STF का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत STF ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध हथियार, आठ जिंदा कारतूस, दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस और एक कार की चाबी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में काशीपुर के चर्चित कारोबारी सौरभ अग्रवाल भी शामिल हैं, जिनका नाम पहले से दर्ज फर्जी लाइसेंस और अवैध हथियार मामले में सामने आया था। STF के अनुसार यह कार्रवाई काशीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान की गई। इससे पहले 10 जून की रात STF और ऊधमसिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने काशीपुर क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार से चार अवैध हथियार और 237 कारतूस बरामद किए थे। जांच में सामने आया था कि बरामद हथियारों और फर्जी लाइसेंसों का संबंध सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और दीप्ति अग्रवाल से है। इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश में STF की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
इसी क्रम में 11 जून की देर रात STF को रुद्रपुर क्षेत्र में दो व्यक्तियों के पास अवैध हथियार होने की गोपनीय सूचना मिली। सूचना के आधार पर STF टीम ने रुद्रपुर रोडवेज के पास घेराबंदी कर सौरभ अग्रवाल और उसके चालक अमित पाल को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक 12 बोर पम्प एक्शन गन, एक .30 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। STF का दावा है कि गिरफ्तार चालक अमित पाल ने काशीपुर से बरामद स्विफ्ट कार को साक्ष्य छिपाने की नीयत से एक पार्किंग में खड़ा किया था। उसके कब्जे से कार की चाबी भी बरामद हुई है। पूछताछ में अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनके संबंध में STF ने सूचना संकलन और कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी STF ने बताया कि राज्य में बाहरी राज्यों से ट्रांसफर होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन अभियान जारी है। अब तक इस मामले में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। कार्रवाई के दौरान अब तक 12 अवैध हथियार, 315 कारतूस और कई फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।






