ऋषिकेश। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हाल ही में फायरिंग की वारदात में वांछित दो शातिर बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश बैरियर को टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गए और श्यामपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुए हमले के बीच पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर मौके पर ही दबोच लिए गए। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे थे। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते दो व्यक्तियों पर गोली चलाकर उन्हें घायल कर दिया था और घटना के बाद से फरार थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।घायल बदमाशों को तत्काल उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ-साथ अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। दून पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







