हल्द्वानी। मानसून की दस्तक से पहले शहर की बदहाल सड़कों और अव्यवस्थित जल निकासी व्यवस्था को लेकर व्यापारियों का आक्रोश सामने आया है। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल महानगर हल्द्वानी ने नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर शहर के प्रमुख बाजारों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि सीवर लाइन बिछाने और पुरानी लाइनों के मरम्मत कार्य के बाद सड़कों की हालत बेहद खराब हो गई है, जिससे कारोबार के साथ-साथ आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि नैनीताल रोड, मीरा मार्ग, मंगल पड़ाव, कारखाना बाजार सहित कई शहरी क्षेत्रों में सड़कें जगह-जगह टूटी हुई हैं। सड़क निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण दुकानों में धूल-मिट्टी भर रही है, जिससे व्यापारियों का सामान खराब हो रहा है और ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। वहीं, राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि खराब सड़कों के कारण कई बच्चे और बुजुर्ग चोटिल हो चुके हैं। इसके अलावा बरसात का मौसम नजदीक होने से जलभराव और जल निकासी की समस्या और गंभीर होने की आशंका है। यदि समय रहते नालियों, सड़कों और ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो शहरवासियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा, महामंत्री मनोज जायसवाल, जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता और जिला महामंत्री हर्षवर्द्धन पांडे समेत अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित विभागों को निर्देशित कर मानसून से पूर्व सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु कराया जाए, ताकि शहरवासियों और व्यापारियों को राहत मिल सके।






