- युवक से लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के मामले में फरार बदमाश ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल; तमंचा, कारतूस और लूटा गया सामान बरामद
नानकमत्ता। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के सनसनीखेज मामले का बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूटा गया पर्स, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 6/7 अगस्त की रात प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में नानकमत्ता पुलिस मुकदमा संख्या 173/2026 में वांछित आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की तलाश में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मच्छी झाला के समीप डैम बंधे पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपी का पीछा किया और करीब दो किलोमीटर आगे गलाबाग के पास कच्चे रास्ते में घेराबंदी कर दी। इस दौरान मोटरसाइकिल फिसलने के बाद आरोपी झाड़ियों की आड़ लेकर दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। पुलिस ने कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी लगातार गोली चलाता रहा। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह और मनोज भाटिया के साथ मिलकर 5 अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटी थी तथा उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य भी किया था। घटना के बाद वह लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में धारा 109(1), 317(2), 3(5) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य दोनों आरोपी दीपक सिंह और मनोज भाटिया को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (30 वर्ष) निवासी बेरीघाट, खटीमा के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, लूटा गया पर्स, भारतीय और नेपाली मुद्रा, एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।






