रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग के तरसाली-फाटा मार्ग पर देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। एसडीआरएफ, पुलिस, एनडीआरएफ और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने कठिन रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों लोगों को बाहर निकाला, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।तरसाली-फाटा मार्ग पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई। ट्रक संख्या UK01 CA 0826 अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला कंट्रोल रूम से अलर्ट जारी किया गया, जिसके बाद एसडीआरएफ, जिला पुलिस, फायर सर्विस और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ पोस्ट सोनप्रयाग से उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पहुंची। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई होने के बावजूद जवानों ने रोप रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ट्रक तक पहुंच बनाई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन के पास दो व्यक्ति अचेत अवस्था में मिले, जिन्हें हार्ड बोर्ड की सहायता से सुरक्षित बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों घायलों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान संजय राणा (45 वर्ष) और मोहन (36 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।









