- मेयर गजराज सिंह बिष्ट को सौंपा ज्ञापन
- 6 माह की अनिवार्य इंटर्नशिप में ₹13 हजार प्रतिमाह मानदेय की मांग
हल्द्वानी। राजकीय नर्सिंग कॉलेज हल्द्वानी के B.Sc. Nursing विद्यार्थियों ने 6 माह की अनिवार्य इंटर्नशिप के दौरान कम से कम ₹13 हजार प्रतिमाह स्टाइपेंड दिए जाने की मांग उठाई है। छात्रों ने इस संबंध में नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट को ज्ञापन सौंपकर मामले में आवश्यक सहयोग और हस्तक्षेप की मांग की। छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान वे अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों की देखभाल समेत विभिन्न व्यावहारिक जिम्मेदारियां निभाते हैं। उन्होंने भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के 6 जुलाई 2022 के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि B.Sc. Nursing इंटर्नशिप स्टाइपेंड को ₹500 से बढ़ाकर ₹13,150 प्रतिमाह किए जाने का उल्लेख है।
विद्यार्थियों के अनुसार यह मांग वर्ष 2023 से लगातार उठाई जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत की ओर से भी पूर्व में स्टाइपेंड दिए जाने का आश्वासन और वर्ष 2024 में प्रक्रिया चलने की जानकारी दी गई थी, लेकिन अब तक ठोस निर्णय नहीं हुआ है। छात्रों ने बताया कि अक्टूबर 2026 से परीक्षाएं प्रस्तावित हैं और इसके बाद करीब 6 माह की इंटर्नशिप शुरू होने की संभावना है। ऐसे में उन्होंने इंटर्नशिप शुरू होने से पहले स्टाइपेंड पर निर्णय लेने और कम से कम ₹13 हजार प्रतिमाह मानदेय सुनिश्चित करने की मांग की है।




