- 08 लोगों से भरी ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त, पांच घायलों को खाई से निकाल अस्पताल पहुंचाया
रुद्रप्रयाग। पाली लिंक रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर विषम परिस्थितियों के बीच घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार ऑल्टो K10 कार में कुल आठ लोग सवार थे, जो अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना पर एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि की टीम उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और चुनौतीपूर्ण हालात में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
टीम ने पांच घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जबकि तीन लोगों के शव बरामद कर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिए गए। हादसे में 68 वर्षीय महेंद्र सिंह, 42 वर्षीय अंजन सिंह और 32 वर्षीय संगीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रेशमा देवी, पांच वर्षीय दक्षित, तीन वर्षीय सानवी, 10 वर्षीय वैभव और आठ वर्षीय विहान घायल हुए हैं। सभी मृतक और घायल उथिंड गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।











