- साईं कृपा ट्रस्ट संचालित केंद्र की जांच में अनियमितताएं उजागर, जिलाधिकारी को भेजी जाएगी विस्तृत रिपोर्ट
हल्द्वानी। शहर में संचालित नशामुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए साईं कृपा ट्रस्ट द्वारा संचालित नशामुक्ति केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया, जिसमें कई अहम खामियां सामने आईं। उपजिलाधिकारी हल्द्वानी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी (सीओ), एसीएमओ नैनीताल और औषधि निरीक्षक की टीम ने केंद्र के अभिलेखों, लाइसेंस, आधारभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। जांच में पाया गया कि संस्थान नियमित लाइसेंस के बजाय प्रोविजनल लाइसेंस पर संचालित हो रहा है, जबकि केंद्र में कार्यरत पांच कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी पूर्ण नहीं मिला।
निरीक्षण के दौरान टीम ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और संचालन व्यवस्था का जायजा लिया, जिसमें कई कमियां सामने आने पर संस्थान प्रबंधन को निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशामुक्ति केंद्रों का संचालन शासन के तय मानकों और नियमों के अनुरूप होना अनिवार्य है तथा उपचाररत लोगों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन की ओर से कहा गया कि संयुक्त निरीक्षण की विस्तृत जांच रिपोर्ट आवश्यक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी नैनीताल को भेजी जाएगी। साथ ही जनहित को देखते हुए ऐसे संस्थानों का समय-समय पर निरीक्षण जारी रहेगा, ताकि नशामुक्ति केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।











