ठंड से बचाव की पुख्ता तैयारी, DM ने दिए सख्त निर्देश, जरूरतमंदों को मुफ्त कंबल और अलाव की व्यवस्था

नैनीताल। शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिले के आम जन-जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने ठंड से बचाव के व्यापक प्रबंधन के निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत निराश्रित, असहाय तथा गृहविहीन व्यक्तियों को निःशुल्क कंबल वितरित किए जाएंगे। साथ ही धर्मशाला, रेनबसेरा, मुसाफ़िरखाना, पड़ाव, चौराहों, रेलवे और बस स्टेशनों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि कड़ाके की ठंड में किसी भी जरूरतमंद को परेशानी न हो, इसके लिए स्थायी और अस्थायी रेनबसेरों में बिजली, पानी, बिस्तर और साफ-सफाई जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं को समय पर उपलब्ध कराया जाए। 

उन्होंने सभी नगर निकायों को निर्देशित किया कि रेनबसेरों की उपलब्धता और सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए, ताकि अधिकतम संख्या में लोग इनसे लाभान्वित हो सकें। शीतकालीन व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए डीएम रयाल ने नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी है। नगर निगम हल्द्वानी में सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, नगर पालिका नैनीताल में ईओ रोहिताश शर्मा, रामनगर में आलोक उनियाल, कालाढूंगी में अभिनव कुमार, भीमताल में राहुल कुमार, भवाली में सुधीर कुमार और लालकुआं में ईश्वर सिंह रावत को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शीत ऋतु में ठंड से बचाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और प्रभावी रूप से लागू हों।

Read more

Local News