किच्छा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत एसटीएफ ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में एक गोदाम से 15,650 लीटर प्रतिबंधित रासायनिक पदार्थ बरामद किए हैं। संयुक्त छापेमारी में 108 ड्रमों में भरे एथेनॉल, ग्लूकोज और सोर्बिटॉल जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया है। एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट ने स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए किच्छा के लालपुर क्षेत्र स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान गोदाम से 108 ड्रमों में भरे लगभग 15,650 लीटर प्रतिबंधित रासायनिक पदार्थ बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से 78 खाली ड्रम, एक टुल्लू पंप, प्लास्टिक पाइप, गेज, फ्लास्क और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। एसटीएफ के अनुसार बरामद सामग्री में करीब 9,050 लीटर एथेनॉल, 2,600 लीटर ग्लूकोज और 4,000 लीटर सोर्बिटॉल शामिल है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गोदाम किच्छा निवासी राजकुमार खुराना द्वारा अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने सभी रासायनिक पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ लागू कानूनों के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गोदाम को सील कर दिया गया है। एसटीएफ ने बताया कि एथेनॉल का उपयोग अवैध रूप से शराब बनाने में किया जा सकता है, जबकि ग्लूकोज और सोर्बिटॉल का उपयोग खाद्य एवं औषधि उद्योग में होता है। ऐसे रसायनों का बिना वैध अनुमति भंडारण और उपयोग गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। इसी कारण पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है कि इन रसायनों की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। एसटीएफ ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रसायनों के भंडारण, नकली शराब, फर्जी दवाओं या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल सूचना दें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।







