हल्द्वानी। हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। अभियान के तहत निर्वाचन विभाग के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर उन मतदाताओं को नोटिस वितरित कर रहे हैं, जिनके नाम, पते, उम्र या अन्य विवरणों में किसी प्रकार की विसंगति दर्ज की गई है। इस चरण में करीब 47 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य आगामी चुनावों से पहले मतदाता सूची का शत-प्रतिशत सत्यापन कर उसे पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाना है, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके लिए बीएलओ संबंधित मतदाताओं से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। विधानसभा के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) ए.पी. वाजपेयी ने बताया कि जिन मतदाताओं को एसआईआर के तहत नोटिस प्राप्त होगा, उन्हें एक सप्ताह के भीतर आवश्यक दस्तावेजों और प्रमाणों के साथ अपना जवाब प्रस्तुत करना होगा। निर्धारित समय सीमा में प्राप्त दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद विभाग मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन करेगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि नोटिस मिलने पर उसे गंभीरता से लें और समय रहते आवश्यक दस्तावेज जमा कर सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह सही और प्रमाणिक बन सके तथा भविष्य में किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े।






