हल्द्वानी। शहर में निजी नंबर प्लेट वाले वाहनों से रैपिडो ऐप के जरिए सवारी ढोने वालों पर परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शिकायतों के बाद आरटीओ प्रवर्तन की टीम ने सादे कपड़ों में यात्रियों के रूप में बाइक बुक कर चालकों को रंगे हाथों पकड़ लिया और छह निजी बाइक व स्कूटी को सीज कर दिया। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि प्राइवेट वाहनों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह अवैध है और नियम तोड़ने पर वाहन का पंजीकरण भी रद्द किया जा सकता है। हल्द्वानी में अवैध रूप से संचालित हो रही रैपिडो बाइक सेवाओं के खिलाफ परिवहन विभाग ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। विभिन्न क्षेत्रों से मिल रही शिकायतों के बाद संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अरविंद पांडे के निर्देशन में परिवहन कर अधिकारी जगदीश चंद्र और उनकी टीम ने अनोखी रणनीति अपनाई। अभियान के तहत परिवहन आरक्षियों को सादे कपड़ों में आम यात्री बनाकर रैपिडो ऐप से बाइक बुक कराई गई।
जैसे ही चालक यात्रियों को निर्धारित स्थान पर छोड़ने पहुंचे, पहले से तैनात टीम ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया और कार्रवाई करते हुए छह निजी बाइक और स्कूटी को सीज कर दिया। आरटीओ प्रवर्तन अरविंद पांडे ने बताया कि सफेद बैकग्राउंड पर काले अक्षरों वाली नंबर प्लेट वाले वाहन केवल निजी उपयोग के लिए पंजीकृत होते हैं। ऐसे वाहनों का किराए पर या किसी भी प्रकार के व्यावसायिक कार्य में इस्तेमाल मोटर वाहन अधिनियम के तहत पूरी तरह प्रतिबंधित है। व्यावसायिक रूप से सवारी ढोने की अनुमति केवल पीले नंबर प्लेट वाले कमर्शियल वाहनों को ही है। उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी ऑनलाइन ऐप के माध्यम से निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग न करें। नियमों के उल्लंघन पर भारी जुर्माने के साथ वाहन का पंजीकरण निलंबित या निरस्त भी किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध रूप से संचालित रैपिडो और अन्य निजी बाइक टैक्सी सेवाओं के खिलाफ परिवहन विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





