गोरखपुर/देहरादून। उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए राहत और सुविधा भरी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे ने रामनगर और देहरादून के बीच शुरू की गई नई एक्सप्रेस ट्रेन के नियमित संचालन की घोषणा कर दी है। 5 अगस्त 2026 से रामनगर–देहरादून द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। इसके साथ ही काठगोदाम–देहरादून एक्सप्रेस के संचालन दिवस में भी बदलाव किया गया है, जिससे यात्रियों को अधिक सुव्यवस्थित और बेहतर रेल सेवा मिल सकेगी। रेल प्रशासन के अनुसार 15310 रामनगर–देहरादून द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस 5 अगस्त से प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वहीं वापसी में 15309 देहरादून–रामनगर एक्सप्रेस उसी दिन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर हरिद्वार, नजीबाबाद, मुरादाबाद, पीपलसाना, रोशनपुर और काशीपुर होते हुए रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
इस नई एक्सप्रेस में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य श्रेणी, स्लीपर, एसी थर्ड, एसी सेकंड, एसी चेयरकार, सामान्य चेयरकार तथा लगेज एवं जनरेटर कोच शामिल हैं। इससे कुमाऊं और गढ़वाल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और आरामदायक रेल सेवा उपलब्ध होगी। रेल प्रशासन ने काठगोदाम–देहरादून एक्सप्रेस के संचालन दिवस में भी संशोधन किया है। 3 अगस्त 2026 से यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को अपने पूर्व निर्धारित समय, मार्ग और रेक संरचना के अनुसार संचालित होगी। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के माण्डा रोड स्टेशन पर टनकपुर–शक्तिनगर, शक्तिनगर–टनकपुर, टनकपुर–सिंगरौली तथा सिंगरौली–टनकपुर एक्सप्रेस ट्रेनों को दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया गया है। यह व्यवस्था 20 और 21 जुलाई 2026 से प्रभावी हो गई है। रेल प्रशासन का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना और उत्तराखंड सहित पूर्वांचल के विभिन्न क्षेत्रों के बीच रेल यातायात को अधिक सुगम बनाना है।







