देहरादून। आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनज़र राजधानी देहरादून में यातायात व्यवस्था और आमजन की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए दून पुलिस ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नगर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में यह व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने मुख्य मार्गों, फुटपाथों और बाजारों में अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए।
दुकानों के बाहर सामान फैलाकर रास्ता घेरने और वर्कशॉप के बाहर वाहनों को खड़ा कर आवागमन बाधित करने वाले 280 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए और 70 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कर न्यूसेंस फैलाने वाले 158 व्यक्तियों के विरुद्ध 152 बीएनएसएस के तहत संबंधित मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट प्रेषित की गई, जबकि 85 व्यक्तियों के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट के तहत न्यायालय चालान किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। त्योहारी भीड़ को देखते हुए किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






