नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 30 जुलाई (गुरुवार) के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित भारी बारिश, भूस्खलन और सड़क अवरोध की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। संवेदनशील मोटर मार्गों पर चौबीसों घंटे जेसीबी मशीनें और गैंग कर्मियों की तैनाती के साथ आपदा से निपटने की सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सभी अधिकारी मुख्यालय पर मौजूद रहेंगे और अपने मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखेंगे। तहसील स्तर पर गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में मलवा और गिरे हुए पेड़ों को तत्काल हटाकर यातायात सुचारु रखा जाए। साथ ही संवेदनशील सड़कों पर मशीनरी और कर्मचारियों की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी बाधा का तत्काल निस्तारण हो सके। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधन पहले से तैयार रखने के निर्देश देते हुए आम नागरिकों से भी मौसम की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। किसी भी आपदा या आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 05942-231178, 231179, 231181, मोबाइल 8272080884 तथा टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करने को कहा गया है।







