Home Blog Page 40

नीली बत्ती और फर्जी I.B. आईडी से घूम रहा युवक गिरफ्तार

  • भारत सरकार का बोर्ड और एयरगन भी मिली
  •   तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस ने पकड़ा

हल्द्वानी। तिकोनिया चौराहे पर सघन चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस ने खुद को I.B. अधिकारी बताने वाले 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नीली-लाल बत्ती और “भारत सरकार” का बोर्ड लगी कार से घूम रहा था। तलाशी में फर्जी I.B. आईडी कार्ड व दस्तावेजों के साथ पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन भी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर को चेकिंग के दौरान हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 को रोका गया। चालक ने अपना नाम मो. मोहासिब खान निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश बताते हुए I.B. अधिकारी का आईडी कार्ड दिखाया। 

नियुक्ति से संबंधित जानकारी मांगने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। दस्तावेजों पर संदेह होने के बाद वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें फर्जी I.B. आईडी, संबंधित कागजात, एयरगन, नीली बत्ती और “भारत सरकार” का बोर्ड बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रौब दिखाने के लिए एयरगन रखता था और उसके पास मौजूद I.B. आईडी व दस्तावेज फर्जी हैं। मामले में थाना हल्द्वानी में FIR संख्या 315/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में की गई।

एसटीएच में पीजी डॉक्टरों की हड़ताल से ओपीडी ठप, मरीज परेशान

  • न्यूनतम ₹1 लाख मासिक स्टाइपेंड की मांग पर अड़े रेजिडेंट डॉक्टर
  • अस्पताल प्रशासन की बातचीत के बाद ओपीडी पर्चा सेवा फिर शुरू

हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज के सुशीला तिवारी अस्पताल में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। हड़ताल के दौरान पीजी डॉक्टरों ने अस्पताल की ओपीडी पर्चा व्यवस्था और ओपीडी सेवाएं बंद कर दीं, जिससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और तीमारदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टरों से वार्ता की, जिसके बाद ओपीडी पर्चा बनाने की व्यवस्था दोबारा शुरू कराई गई, हालांकि पीजी रेजिडेंट डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं। पीजी रेजिडेंट डॉक्टर लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि मौजूदा स्टाइपेंड उनकी जिम्मेदारियों, कार्यभार और प्रशिक्षण के दौरान होने वाले खर्च के लिहाज से पर्याप्त नहीं है। रेजिडेंट डॉक्टरों की प्रमुख मांग न्यूनतम एक लाख रुपये मासिक स्टाइपेंड किए जाने की है। इसी मांग को लेकर डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू की है।

हड़ताल के कारण शनिवार को एसटीएच की ओपीडी व्यवस्था प्रभावित होने से अस्पताल पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ओपीडी पर्चा नहीं बनने और चिकित्सकीय सेवाओं पर असर पड़ने से कई मरीजों को इंतजार करना पड़ा। बाद में अस्पताल प्रशासन ने हस्तक्षेप करते हुए डॉक्टरों से बातचीत की और ओपीडी पर्चा व्यवस्था को दोबारा संचालित कराया। वहीं, पीजी डॉक्टरों के आंदोलन के बीच एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर सरकार ने फैसला लिया है। बीते पांच दिनों से एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टर भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। उनकी मांग मासिक स्टाइपेंड को ₹17 हजार से बढ़ाकर ₹30 हजार किए जाने की थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद प्रेसवार्ता में बताया कि एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर सरकार ने निर्णय लिया है। सरकार के इस फैसले के बाद अब नजर पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों की मांग पर है। पीजी डॉक्टर न्यूनतम एक लाख रुपये मासिक स्टाइपेंड की मांग पर कायम हैं। ऐसे में एसटीएच में पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल जारी रहने से अस्पताल की नियमित स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बना हुआ है।

कैश-ज्वैलरी मामले पर हरीश रावत का बड़ा बयान, कांग्रेस के दो पद छोड़ने की जताई इच्छा

  • बोले- सहयोगी के घर कार्रवाई से नरेटिव बनाने की कोशिश, आरोप पर विश्वास नहीं
  • भर्ती में मेरी कोई संलिप्तता है तो जांच एजेंसियों को प्रमाण दें

देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने अपने पूर्व ओएसडी से जुड़े कैश और ज्वैलरी बरामदगी के दावे पर बड़ा बयान दिया है। फेसबुक पोस्ट में रावत ने कहा कि श्री जीना उनके ओएसडी रहे हैं और यदि ग्राम सेवक भर्ती में ओएमआर शीट से छेड़छाड़ के आरोप के प्रमाण सामने आते हैं तो वह ऐसे कृत्य के लिए लज्जित होंगे, लेकिन उन्हें मौजूदा आरोप पर विश्वास नहीं है। रावत ने कहा कि उत्तराखंड चुनाव से पहले उनके घर के बजाय उनके एक सहयोगी के घर पर दस्तक देकर राजनीतिक नरेटिव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है और उनकी वजह से पार्टी के संघर्ष को कोई नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।

इसी कारण उन्होंने उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के सदस्य और कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य पद से हटने की इच्छा जताई है। भर्ती परीक्षाओं को लेकर रावत ने दावा किया कि उनके करीब तीन साल के कार्यकाल में 42 हजार से अधिक सरकारी पदों पर भर्तियां हुईं। उन्होंने कहा कि यदि भर्ती प्रक्रिया में कोई ‘एरर ऑफ जजमेंट’ हुआ है तो वह उत्तराखंड की जनता से क्षमा मांगते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि भर्ती में उनकी संलिप्तता के कोई प्रमाण हैं तो उन्हें सीबीआई, ईडी या राज्य पुलिस को सौंपा जाना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने नियुक्तियों और परीक्षाओं में गड़बड़ी को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि यदि उनसे जाने-अनजाने कोई ऐसी चूक हुई है, जिससे युवाओं को नुकसान पहुंचा है, तो वह कानून के तहत दंड के पात्र हैं।

पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, फायरिंग का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल

  • शिमला बायपास पर युवक को गोली मारने के मामले का पुलिस ने किया खुलासा
  • ₹5 लाख में हत्या की सुपारी का पुलिस का दावा, साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, गोरखपुर चौक पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन दोनों बाइक लेकर फरार हो गए। पीछा किए जाने पर चाय बागान की पगडंडी के पास उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान 25 वर्षीय अंकित चौहान निवासी लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घायल अंकित चौहान कुछ दिन पहले बड़ोवाला क्षेत्र में एक बैंककर्मी सत्यम कुमार पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित था। 8 सितंबर को सत्यम कुमार अपनी बहन के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था, तभी बाइक सवार दो युवकों ने शिमला बायपास रोड पर उसकी स्कूटी के आगे बाइक लगाकर उस पर फायरिंग कर दी थी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया था। मामले में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फायरिंग की घटना में शामिल दोनों आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने के लिए दोबारा देहरादून आए हैं। सूचना के आधार पर पटेलनगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

पुलिस के अनुसार, गोरखपुर चौक पर बिना नंबर की संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया तो दोनों युवक बाइक लेकर प्रेमनगर की ओर भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया तो दोनों चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़कर जंगल की तरफ भागने लगे। इसी दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। जवाबी फायरिंग में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर निवासी लक्सर, हरिद्वार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मौके से एक 315 बोर का देसी तमंचा, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। फरार आरोपी अंकुर की तलाश में पुलिस का सघन कॉम्बिंग और सर्च अभियान जारी है। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक अंकित ने बताया कि उसकी मुलाकात हरिद्वार निवासी मोहित से हुई थी। मोहित ने उसकी पहचान एक महिला से कराई, जो एक निजी बैंक में कार्यरत थी। पुलिस के अनुसार, महिला की पुरानी पहचान सत्यम कुमार से थी और दोनों के बीच पूर्व में विवाद चल रहा था। आरोप है कि मोहित और उक्त महिला ने सत्यम को रास्ते से हटाने के लिए अंकित से संपर्क किया और इसके बदले ₹5 लाख देने का सौदा तय हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी को एडवांस के तौर पर ₹1.20 लाख दिए गए थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को सत्यम की फोटो और उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई थी। 8 सितंबर को अंकित अपने साथी अंकुर के साथ देहरादून पहुंचा और बैंक के बाहर सत्यम के निकलने का इंतजार किया। शाम करीब पौने आठ बजे सत्यम के बैंक से निकलने के बाद दोनों ने उसका पीछा किया और बड़ोवाला क्षेत्र में सुनसान स्थान पर उसकी स्कूटी को रोककर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद सत्यम झाड़ियों की ओर भाग गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद दोनों आरोपी पहले दिल्ली और फिर हरियाणा चले गए थे। कथित तौर पर बकाया रकम लेने के लिए वे दोबारा देहरादून पहुंचे थे, लेकिन पुलिस चेकिंग में घिरने के बाद उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। घायल आरोपी अंकित के पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी अंकुर के साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में सामने आए तथ्यों और आरोपों का सत्यापन जांच के दौरान किया जा रहा है।

दुग्ध समितियों के चुनाव में मुकेश बोरा का दबदबा, 12वीं बार निर्विरोध जीत

  • गोविंद सिंह मेहता ने भी लगातार तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया
  •   पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को बोरिंग पट्टा समिति में जगदीश पंत ने दी शिकस्त

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के पर्वतीय क्षेत्र की 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। चुनाव परिणामों में निर्विरोध निर्वाचन का दबदबा देखने को मिला। 245 में से 238 समितियों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए, जबकि सात समितियों में मतदान के जरिए पदाधिकारियों का चयन हुआ। इन परिणामों में नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा और संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने अपनी मजबूत पकड़ बरकरार रखी। च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने अध्यक्ष पद पर लगातार 12वीं बार निर्विरोध जीत दर्ज की। बताया गया कि वर्ष 1996 से वह लगातार समिति के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होते आ रहे हैं। लगातार 12वीं निर्विरोध जीत ने समिति स्तर पर उनकी मजबूत पकड़ को एक बार फिर सामने ला दिया है। वहीं दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने बिंदुखत्ता रावत नगर सेकेंड दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होकर अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी। इसके अलावा संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल ने भगवतपुर दुग्ध समिति और हेमा पड़ियाड ने वुडाधुरा दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। बिंदुखत्ता टूटी पुलिया दुग्ध समिति से नवीन पपोला अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं चुनाव का सबसे चर्चित परिणाम बोरिंग पट्टा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से सामने आया, जहां नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को हार का सामना करना पड़ा। अध्यक्ष पद के चुनाव में जगदीश पंत ने उन्हें मात देकर जीत दर्ज की। 

पूर्व चेयरमैन की हार को समिति के चुनाव में महत्वपूर्ण राजनीतिक और सांगठनिक उलटफेर के तौर पर देखा जा रहा है। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न दुग्ध समितियों में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रबंध कमेटी के सदस्यों के स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया है। दुग्ध उत्पादकों और समिति सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा सहित संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और दुग्ध उत्पादकों के हित में मिलकर काम करने की अपेक्षा जताई। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश कुनियाल सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादकों और समिति सदस्यों ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। दुग्ध समितियों के चुनाव परिणामों में जहां अधिकांश स्थानों पर निर्विरोध निर्वाचन से आपसी सहमति और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश सामने आया, वहीं बोरिंग पट्टा समिति में पूर्व चेयरमैन की हार ने चुनावी नतीजों को खासा चर्चित बना दिया है।

2027 से पहले कांग्रेस का संगठन विस्तार तेज, शीलू कुमार और सपना कुमारी ने थामा पार्टी का हाथ

  • हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में सदस्यता कार्यक्रम
  • नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने नए सदस्यों का किया स्वागत, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

हल्द्वानी। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तराखंड कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में युवा नेता शीलू कुमार और सपना कुमारी समेत कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की मजबूती में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। स्वराज आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्टी नेता मौजूद रहे। इस दौरान नए सदस्यों ने कांग्रेस की विचारधारा और संगठन के साथ जुड़ने की घोषणा की। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और स्वागत करते हुए कहा कि नए लोगों के जुड़ने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। 

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी का विशेष फोकस युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक और सांगठनिक पकड़ मजबूत करने पर है। कांग्रेस का दावा है कि लगातार नए लोगों के पार्टी से जुड़ने से कार्यकर्ताओं का आधार बढ़ रहा है, जिसका लाभ आगामी विधानसभा चुनाव में मिल सकता है। सदस्यता अभियान को कांग्रेस की चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी जहां एक ओर नए चेहरों को संगठन में जगह दे रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की कवायद भी तेज कर रही है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का यह संगठन विस्तार अभियान कितना असरदार साबित होता है, यह आने वाले समय में देखने वाली बात होगी।

आयुष्मान कार्डधारकों के लिए बड़ी राहत, इलाज में परेशानी हो तो सीधे CMO से करें शिकायत

  • नैनीताल जिले के सूचीबद्ध निजी अस्पतालों की जानकारी जारी
  • स्वास्थ्य विभाग ने कहा—इलाज के दौरान समस्या होने पर तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी से करें संपर्क

नैनीताल। आयुष्मान योजना के लाभार्थियों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अहम जानकारी जारी की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने जिले में आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों, वहां उपलब्ध उपचार सेवाओं और संपर्क नंबरों की जानकारी साझा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयुष्मान कार्ड के तहत सूचीबद्ध या गैर-सूचीबद्ध निजी अस्पताल में इलाज के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर लाभार्थी सीधे मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में आयुष्मान योजना के तहत विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं के लिए निजी अस्पताल सूचीबद्ध हैं। इनमें आई विजन प्राइवेट लिमिटेड में नेत्र चिकित्सा, बॉम्बे हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ऑर्थोपेडिक्स व पॉलीट्रॉमा तथा वेदांता नेत्रालय में नेत्र चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध है। रही केयर प्राइवेट लिमिटेड में जनरल मेडिसिन और बृजेश अस्पताल में बर्न प्रबंधन से लेकर जनरल मेडिसिन, सर्जरी, नवजात देखभाल, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ऑर्थोपेडिक्स, ईएनटी, बाल चिकित्सा और न्यूरोलॉजी जैसी सेवाएं शामिल हैं। बृजलाल अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर में जनरल मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ऑर्थोपेडिक्स और ईएनटी की सेवाएं हैं। बाबा नीम करोली मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर में जनरल मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ऑर्थोपेडिक्स, पॉलीट्रॉमा और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध हैं।

वहीं साई अस्पताल में कार्डियोलॉजी, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और यूरोलॉजी तथा आदर्श इंस्टीट्यूट ऑफ यूरोलॉजी एंड लेप्रोस्कोपी में यूरोलॉजी और लेप्रोस्कोपिक सर्जरी समेत संबंधित सेवाएं उपलब्ध हैं। उजाला सिग्नस सेंट्रल अस्पताल में कार्डियोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, नवजात देखभाल, नेत्र चिकित्सा, ऑर्थोपेडिक्स, बाल चिकित्सा, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और यूरोलॉजी जैसी विशेषज्ञ सेवाएं हैं। इसके अलावा सुभानु आई अस्पताल, अनाअर्जुन मेटरनिटी एंड रिसर्च सेंटर, द ब्राइट अस्पताल, नीलकंठ मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, एसके गुप्ता नर्सिंग होम एंड अस्पताल, स्टार हॉस्पिटल मैटरनिटी एंड लेप्रोस्कॉपी सेंटर और संजीवनी अस्पताल भी आयुष्मान योजना के तहत विभिन्न उपचार सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की सूची में अग्रवाल क्लिनिक एंड नर्सिंग होम, डॉ. यतींद्र मोहन बहुगुणा, ज्योति नेत्रालय, चंदन अस्पताल, बजाज सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और दृष्टि सेंटर फॉर एडवांस्ड आई केयर भी शामिल हैं। इनमें सामान्य चिकित्सा से लेकर कार्डियोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, ऑन्कोलॉजी, पॉलीट्रॉमा, यूरोलॉजी, नेत्र चिकित्सा और अन्य विशेषज्ञ उपचार सेवाएं उपलब्ध हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि आयुष्मान कार्डधारकों को योजना के तहत उपचार प्राप्त करने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि इलाज के दौरान अस्पताल में किसी प्रकार की समस्या, असुविधा या योजना से संबंधित शिकायत सामने आती है तो लाभार्थी तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग शिकायत का संज्ञान लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि आयुष्मान योजना का लाभ लेते समय किसी भी समस्या को लेकर चुप न रहें और संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को इसकी जानकारी दें, ताकि पात्र मरीजों को योजना का लाभ सुचारू रूप से मिल सके।

7 किमी लालकुआं बाईपास और 8.4 किमी गोला पुल से फोरलेन परियोजना को हरी झंडी

  • नैनीताल को दो बड़ी बाईपास परियोजनाओं की सौगात, NHAI से मिली सैद्धांतिक मंजूरी

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और हल्द्वानी की जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने जिले की दो महत्वपूर्ण बाईपास परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इनमें बरेली रोड नगला से वन विकास निगम डिपो तक करीब 7 किलोमीटर लंबा लालकुआं बाईपास और गोला पुल से आगे करीब 8.4 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन में तब्दील करने की परियोजना शामिल है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि लालकुआं बाईपास परियोजना को NHAI से विधिवत स्वीकृति मिल गई है। करीब सात किलोमीटर लंबा यह बाईपास बरेली रोड नगला से शुरू होकर वन विकास निगम के डिपो तक प्रस्तावित है। स्वीकृति के बाद अब परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। DPR तैयार होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाएगी।

वहीं, दूसरी बड़ी परियोजना के तहत गोला पुल से आगे मौजूदा टू-लेन सड़क को फोरलेन में बदलने के लिए करीब 8.4 किलोमीटर लंबे बाईपास/फोरलेन प्रस्ताव को NHAI से In-Principle यानी सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी एजेंसी को इस परियोजना की DPR तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगे की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। दोनों परियोजनाओं को हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इनके निर्माण से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही हल्द्वानी से गुजरने वाले स्थानीय लोगों और पर्यटकों को जाम की समस्या से राहत मिल सकती है और कुमाऊं मंडल में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।जिलाधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से हल्द्वानी के साथ-साथ पूरे कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। अब दोनों परियोजनाओं की DPR तैयार होने के बाद इनके क्रियान्वयन की दिशा में अगली कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

एसटीएच में डॉक्टरों का प्रदर्शन: इंटर्न, पीजी और सीनियर रेजिडेंट हड़ताल पर

  • पांच दिन से इंटर्न, तीन दिन से पीजी रेजिडेंट और आज से सीनियर रेजिडेंट भी आंदोलन में शामिल
  • ₹30 हजार, ₹1 लाख और स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल परिसर में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर डॉक्टरों का आंदोलन लगातार बढ़ता जा रहा है। एमबीबीएस इंटर्न पांच दिन से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जबकि पीजी रेजिडेंट तीन दिन से हड़ताल कर रहे हैं। अब शुक्रवार से सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर भी आंदोलन में शामिल हो गए हैं। तीनों श्रेणियों के डॉक्टरों की हड़ताल जारी रहने से अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दबाव बढ़ गया है। एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टर वर्तमान ₹17 हजार मासिक स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹30 हजार करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि महंगाई के मौजूदा दौर में भोजन, आवास, परिवहन और अन्य आवश्यक खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि अस्पताल की ओपीडी, आईपीडी, वार्ड और इमरजेंसी सेवाओं में इंटर्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं। डॉक्टरों का कहना है कि स्टाइपेंड में समयबद्ध संशोधन की व्यवस्था भी होनी चाहिए। वहीं पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाकर न्यूनतम ₹1 लाख प्रतिमाह करने की मांग उठाई है। रेजिडेंट डॉक्टरों के अनुसार वे विशेषज्ञ प्रशिक्षण के साथ वार्ड, ओपीडी, इमरजेंसी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, नाइट ड्यूटी और ऑन-कॉल सेवाओं में लगातार जिम्मेदारी निभाते हैं। 

उनका कहना है कि बढ़ते शैक्षणिक और जीवन-यापन के खर्च तथा अन्य राज्यों में मिलने वाले स्टाइपेंड के मुकाबले उत्तराखंड में कम भुगतान उनकी आर्थिक परेशानी बढ़ा रहा है। पीजी डॉक्टरों का दावा है कि वर्तमान में उन्हें करीब ₹69,820 प्रतिमाह स्टाइपेंड मिल रहा है और एमडी/एमएस की पढ़ाई में फीस के साथ आवास, भोजन, किताबें, शोध और अन्य पेशेवर खर्च भी उठाने पड़ते हैं। रेजिडेंट डॉक्टर स्टाइपेंड में नियमित और पारदर्शी संशोधन की व्यवस्था की भी मांग कर रहे हैं। इसी बीच अब सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर भी हड़ताल में शामिल हो गए हैं। सीनियर रेजिडेंट वर्तमान में मिल रहे करीब ₹85 हजार मासिक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। तीनों वर्गों के डॉक्टरों के एक साथ आंदोलन में आने से एसटीएच में स्टाइपेंड का मुद्दा अब व्यापक रूप ले चुका है। डॉक्टरों का कहना है कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है। उनका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करना नहीं, बल्कि उनकी जिम्मेदारियों, कार्यभार और बढ़ती महंगाई के अनुरूप सम्मानजनक स्टाइपेंड सुनिश्चित कराना है। अब डॉक्टर सरकार और चिकित्सा शिक्षा विभाग से मांगों पर जल्द निर्णय की उम्मीद कर रहे हैं।

SIR: DSE/PSE में नाम चिन्हित होने पर मतदाता सूची से सीधे नहीं कटेगा नाम, पहले होगा सत्यापन, राजनीतिक दलों से मतदाताओं को जागरूक करने की अपील

  • SIR में दावे-आपत्तियों की सुनवाई 28 सितंबर तक, 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर हल्द्वानी तहसील सभागार में गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में दावे-आपत्तियों के निस्तारण और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की संशोधित समय-सारिणी की जानकारी दी गई। अब प्रारूप-6, 7 और 8 से जुड़े दावों-आपत्तियों पर नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया 28 सितंबर 2026 तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी मतदाता की प्रविष्टि DSE/PSE में चिन्हित होने मात्र से उसका नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। पहले यह सत्यापित किया जाएगा कि संबंधित प्रविष्टियां वास्तव में एक ही व्यक्ति की हैं या अलग-अलग मतदाताओं की। यदि किसी मतदाता की एक से अधिक स्थानों पर प्रविष्टि पाई जाती है तो उसकी वर्तमान निवास स्थिति और अन्य विवरण की पुष्टि की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मतदाता की पसंद के अनुसार एक स्थान पर प्रविष्टि बनाए रखने और अन्य स्थानों से नियमानुसार नाम हटाने की कार्रवाई की जाएगी। संबंधित मतदाता को फॉर्मेट-ए में पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से नोटिस भेजा जाएगा और नोटिस जारी होने की तारीख से 15 दिन का पर्याप्त अवसर अपना पक्ष रखने के लिए दिया जाएगा। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने पर BLO संबंधित पते पर जाकर सत्यापन करेगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे मतदाताओं के बीच SIR प्रक्रिया को लेकर सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाएं तथा उन्हें जागरूक करें। उन्होंने कहा कि DSE/PSE प्रक्रिया का उद्देश्य किसी वास्तविक मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से हटाना नहीं, बल्कि संभावित मल्टीपल एंट्री को चिन्हित कर उसका सत्यापन करना है। उन्होंने कहा कि सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि प्रत्येक वास्तविक मतदाता का नाम सही स्थान पर सुरक्षित रहे। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के अलावा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एचडी पांडे और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।