- SIR में दावे-आपत्तियों की सुनवाई 28 सितंबर तक, 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर हल्द्वानी तहसील सभागार में गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में दावे-आपत्तियों के निस्तारण और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की संशोधित समय-सारिणी की जानकारी दी गई। अब प्रारूप-6, 7 और 8 से जुड़े दावों-आपत्तियों पर नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया 28 सितंबर 2026 तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी मतदाता की प्रविष्टि DSE/PSE में चिन्हित होने मात्र से उसका नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। पहले यह सत्यापित किया जाएगा कि संबंधित प्रविष्टियां वास्तव में एक ही व्यक्ति की हैं या अलग-अलग मतदाताओं की। यदि किसी मतदाता की एक से अधिक स्थानों पर प्रविष्टि पाई जाती है तो उसकी वर्तमान निवास स्थिति और अन्य विवरण की पुष्टि की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मतदाता की पसंद के अनुसार एक स्थान पर प्रविष्टि बनाए रखने और अन्य स्थानों से नियमानुसार नाम हटाने की कार्रवाई की जाएगी। संबंधित मतदाता को फॉर्मेट-ए में पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से नोटिस भेजा जाएगा और नोटिस जारी होने की तारीख से 15 दिन का पर्याप्त अवसर अपना पक्ष रखने के लिए दिया जाएगा। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने पर BLO संबंधित पते पर जाकर सत्यापन करेगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे मतदाताओं के बीच SIR प्रक्रिया को लेकर सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाएं तथा उन्हें जागरूक करें। उन्होंने कहा कि DSE/PSE प्रक्रिया का उद्देश्य किसी वास्तविक मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से हटाना नहीं, बल्कि संभावित मल्टीपल एंट्री को चिन्हित कर उसका सत्यापन करना है। उन्होंने कहा कि सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि प्रत्येक वास्तविक मतदाता का नाम सही स्थान पर सुरक्षित रहे। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के अलावा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एचडी पांडे और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




