- नैनीताल को दो बड़ी बाईपास परियोजनाओं की सौगात, NHAI से मिली सैद्धांतिक मंजूरी
हल्द्वानी। नैनीताल जनपद में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और हल्द्वानी की जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने जिले की दो महत्वपूर्ण बाईपास परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इनमें बरेली रोड नगला से वन विकास निगम डिपो तक करीब 7 किलोमीटर लंबा लालकुआं बाईपास और गोला पुल से आगे करीब 8.4 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन में तब्दील करने की परियोजना शामिल है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि लालकुआं बाईपास परियोजना को NHAI से विधिवत स्वीकृति मिल गई है। करीब सात किलोमीटर लंबा यह बाईपास बरेली रोड नगला से शुरू होकर वन विकास निगम के डिपो तक प्रस्तावित है। स्वीकृति के बाद अब परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। DPR तैयार होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
वहीं, दूसरी बड़ी परियोजना के तहत गोला पुल से आगे मौजूदा टू-लेन सड़क को फोरलेन में बदलने के लिए करीब 8.4 किलोमीटर लंबे बाईपास/फोरलेन प्रस्ताव को NHAI से In-Principle यानी सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी एजेंसी को इस परियोजना की DPR तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगे की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। दोनों परियोजनाओं को हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इनके निर्माण से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही हल्द्वानी से गुजरने वाले स्थानीय लोगों और पर्यटकों को जाम की समस्या से राहत मिल सकती है और कुमाऊं मंडल में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।जिलाधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से हल्द्वानी के साथ-साथ पूरे कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। अब दोनों परियोजनाओं की DPR तैयार होने के बाद इनके क्रियान्वयन की दिशा में अगली कार्रवाई आगे बढ़ेगी।




