- कमलुवागांजा के पास सड़क किनारे पलटे ट्रक में फंसा चालक, फायर सर्विस की टीम पहुंची मौके पर
हल्द्वानी। रामनगर हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया जब सीमेंट ब्लॉक्स से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि ट्रक चालक कुछ समय के लिए वाहन में फंस गया। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की रेस्क्यू टीम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार अपराह्न करीब 2:22 बजे फायर स्टेशन हल्द्वानी को सूचना मिली कि कमलुवागांजा चौराहे से लगभग 300 मीटर आगे रामनगर हाईवे पर ट्रक संख्या UK-04-CB-7966 सड़क से नीचे उतरकर पलट गया है। ट्रक में भारी मात्रा में सीमेंट के ब्लॉक्स लदे हुए थे।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन अधिकारी (एफएसओ) मिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में फायर रेस्क्यू यूनिट आयरन कटर, हाइड्रोलिक स्प्रेडर और अन्य आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि ट्रक चालक रंजीत सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह वाहन के भीतर फंस गया था, लेकिन फायर टीम के पहुंचने से पहले ही उसने स्वयं प्रयास कर सुरक्षित बाहर निकलने में सफलता हासिल कर ली। राहत की बात यह रही कि चालक को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित पाया गया। फायर अधिकारियों ने चालक को आवश्यक सुरक्षा संबंधी निर्देश देते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुट गई, हालांकि समय रहते राहत कार्य होने से कोई जनहानि नहीं हुई।







