- भूस्खलन की चपेट में आया वाहन, SDRF, पुलिस और GREF ने चलाया संयुक्त राहत अभियान
पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया।धारचूला के दारमा मार्ग पर अचानक पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डरों की चपेट में आने से एक स्कॉर्पियो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को थाना धारचूला क्षेत्र के अंतर्गत दारमा मार्ग पर दर नामक स्थान के समीप अचानक भूस्खलन हुआ। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक स्कॉर्पियो वाहन पर पहाड़ी से भारी बोल्डर आ गिरे। बोल्डरों की जबरदस्त टक्कर से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट अस्कोट से अपर उपनिरीक्षक सुंदर सिंह बोरा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि एसडीआरएफ के पहुंचने से पहले ही जिला पुलिस और जीआरईएफ की टीमों ने राहत कार्य शुरू कर दिया था। संयुक्त प्रयासों से तीनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि वाहन में फंसे दोनों मृतकों के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद एसडीआरएफ, जिला पुलिस और जीआरईएफ ने समन्वय बनाकर दुर्गम एवं खतरनाक पहाड़ी क्षेत्र में राहत कार्य जारी रखा। एसडीआरएफ जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को ढलानयुक्त रास्तों से सुरक्षित निकालकर रोड हेड तक पहुंचाया, जहां उन्हें अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।






