देहरादून। राजधानी में बुधवार सुबह तेज रफ्तार का कहर एक मजदूर की जान ले गया। कांवली रोड स्थित गोविंदगढ़ पुल के पास ट्रक की टक्कर से एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जबकि घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार सुबह 112 के जरिए सूचना मिलने पर थाना बसंत विहार की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां ट्रक संख्या यूके 07 सीबी 7123 ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जांच में मृतक की पहचान सकल देव साहनी (55) पुत्र दयाराम साहनी, मूल निवासी जिला सीतामढ़ी, बिहार और वर्तमान में कालिंदी एन्क्लेव निवासी के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सकल देव साहनी मजदूरी का काम करता था और बुधवार सुबह अपने साथियों के साथ काम पर जाने के लिए गोविंदगढ़ पुल के पास खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।





