बीएसएफ मुख्यालय में जवान ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, पांच की मौत, एक घायल

हल्द्वानी एक्सप्रेस न्यूज़/अमृतसर। पंजाब में अमृतसर के खासा स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के मुख्यालय में रविवार सुबह एक जवान ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दी, जिससे पांच जवानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

बीएसएफ अधिकारी आशीष पराते ने बताया कि 144वीं बटालियन के सिपाही सुतप्पा ने किसी बात से नाराज होकर आज सुबह अपनी राइफल से गोलियां चला कर चार जवानों की हत्या कर दी। घटना के बाद जवान ने खुद को भी गोली मार ली जिससे उसकी भी मौत हो गई। गोलियां चलने की आवाज सुनकर अन्य जवानों ने इधर-उधर भागना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसे अमृतसर के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। अधिकारी ने अभी तक मृतकों की पहचान उजागर नहीं की है।

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के सुतप्पा से पिछले कुछ दिनों से लगातार ड्यूटी ली जा रही थी। इस बात से वह काफी परेशान हो गया था। शनिवार को उसकी बीएसएफ के एक बड़े अधिकारी से बहस भी हुई थी, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। रविवार की सुबह भी सुतप्पा ड्यूटी पर तैनात था।

घटना के बारे में पता चलते ही पुलिस और बीएसएफ के आला अधिकारी मौका-ए-वारदात पर पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शवों को कब्जे में लेने की तैयारी शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है।


अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए –
👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

हमारे इस नंबर 7351098124 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें

Read more

Local News