नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़े पैमाने पर नई नियुक्तियां की हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नई जिम्मेदारियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। उत्तराखंड के लिए भी संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा की नई टीम में तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने को उत्तराखंड के लिहाज से अहम नियुक्ति माना जा रहा है। वहीं अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिलने से पार्टी के केंद्रीय मीडिया प्रबंधन में उत्तराखंड की भूमिका और मजबूत हुई है। इसके अलावा महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री और आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।






पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी समेत कुल 13 नेताओं को जिम्मेदारी दी है। वहीं राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया समेत आठ नेताओं की नियुक्ति की गई है। संगठन स्तर पर बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) तथा शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा ने विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की है। युवा मोर्चा की कमान डॉ. हेमांग जोशी, महिला मोर्चा की जिम्मेदारी रूप कुमारी चौधरी, ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी अमरपाल मौर्य, किसान मोर्चा की जिम्मेदारी बंसीलाल गुर्जर, एससी मोर्चा की जिम्मेदारी शिवेश कुमार राम, एसटी मोर्चा की जिम्मेदारी डॉ. मन्नालाल रावत और अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी कुंवर बासित अली को सौंपी गई है। पार्टी ने मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी बदलाव करते हुए मीडिया सह संयोजकों तथा सोशल मीडिया संयोजकों की नियुक्ति की है। नए संगठनात्मक ढांचे को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।










