हल्द्वानी। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से अंजुमन सिद्दिकियान कमेटी की ओर से रविवार को सीबीएसई और उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। चोरगलिया रोड स्थित मैरिज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कमेटी के सदर राशिद हुसैन सिद्दीकी और जनरल सेक्रेटरी उजेर फिरोज ने अतिथियों का स्वागत कर किया। उन्होंने कहा कि कमेटी का उद्देश्य मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करना और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि युवा पीढ़ी बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ सके।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जामा मस्जिद के इमाम मौलाना आजम कादरी और मस्जिद बंजरान के इमाम मौलाना अब्दुल बासिद मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री मज़हर नईम नवाब, सपा प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी, सपा नेता शोएब अहमद और कांग्रेस नेता सुहैल सिद्दीकी ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के दौरान कमेटी की ओर से सीबीएसई एवं उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के करीब 60 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।इसके अलावा बनभूलपुरा क्षेत्र से कॉमर्शियल पायलट बनने वाले आमिर आलम को भी उनकी उपलब्धि के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।।इस अवसर पर राशिद हुसैन सिद्दीकी, उजेर फिरोज, मो. यूसुफ, सईद आदिल, शावेज सिद्दीकी, अख्तर नईम, इनायत हुसैन, इख्तेदार उल्लाह, इंतजार हुसैन, सलमान सिद्दीकी, रईस वारसी, अरकम सिद्दीकी, आवेस इशरत, कमरान कैफी, फेज सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।





