- धारी देवी मंदिर दर्शन को जा रहे थे दिल्ली के यात्री, हादसे में चालक समेत दो घायल
पौड़ी। जनपद पौड़ी के सतपुली क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। सतपुली से करीब चार किलोमीटर आगे पहाड़ी से अचानक गिरे भारी बोल्डर की चपेट में आने से एक यात्री वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। जिला नियंत्रण कक्ष पौड़ी से सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ पोस्ट सतपुली की टीम सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीम ने वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
बताया गया कि मैक्स यात्री वाहन में कुल तीन लोग सवार थे, जो दिल्ली से धारी देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना में श्रीकांत (45 वर्ष), मूल निवासी केरल और वर्तमान निवासी दिल्ली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन चालक सरनजीत (61 वर्ष), निवासी जहांगीरपुरी दिल्ली और उदय (40 वर्ष), मूल निवासी पश्चिम बंगाल एवं वर्तमान निवासी दिल्ली घायल हो गए। एसडीआरएफ टीम ने घायलों को तत्काल हंस फाउंडेशन अस्पताल सतपुली पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतक के शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है।







