देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 55 लाख रुपये की कथित हेराफेरी और धोखाधड़ी के मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब जांच के दौरान थाने पहुंचे आरोपियों ने पुलिस के साथ ही अभद्रता और हाथापाई कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रवीण सेमवाल, उसकी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल और सहयोगी के खिलाफ न सिर्फ आर्थिक अपराध बल्कि सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस कर्मियों से मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। मामले के अनुसार, श्यामपुर अंबीवाला निवासी यशपाल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके कर्मचारी प्रवीण सेमवाल ने विश्वास का दुरुपयोग करते हुए अपनी पत्नी और साले के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से ऑफिस के कैश काउंटर की डुप्लीकेट चाबी बनवाई और धीरे-धीरे नगदी व निर्माण सामग्री बेचकर करीब 55 लाख रुपये का गबन कर लिया।
जांच के दौरान जब पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया, तो कुछ समय बाद उसकी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल अपने भाई के साथ वहां पहुंची और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, स्थिति उस समय बिगड़ गई जब महिला अधिकारी द्वारा पूछताछ किए जाने पर प्रतीक्षा सेमवाल ने अभद्र व्यवहार करते हुए हाथापाई शुरू कर दी और थाने से भागने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे काबू में किया। थाने में लगे सीसीटीवी फुटेज से यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपी पक्ष स्वयं थाने पहुंचा था, उन्हें पुलिस द्वारा लाया नहीं गया था। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं इस घटना ने एक ओर जहां आर्थिक अपराध की गंभीरता को उजागर किया है, वहीं पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने जैसी घटनाओं पर सख्ती की आवश्यकता को भी रेखांकित किया है।





