रामनगर। कोसी नदी क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को एक विशेष गोपनीय छापामार अभियान चलाया। इस अभियान में बिना वैध प्रपत्रों के खनन और खनिज परिवहन में लिप्त कुल दस वाहनों को जब्त कर लिया गया, जिससे अवैध खनन माफिया में हड़कंप मच गया है। यह विशेष अभियान तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर के प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चंद्र आर्य तथा उप प्रभागीय वनाधिकारी किरण शाह के नेतृत्व में पूर्ण गोपनीयता के साथ संचालित किया गया। अधिकारी स्वयं निजी वाहन से कोसी नदी क्षेत्र में पहुंचे और मौके पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की।
जांच के दौरान अवैध खनन में संलिप्त छह-टायरा के छह डंपर और दस-टायरा के दो डंपर बिना किसी वैध अनुमति या प्रपत्रों के पकड़े गए। इसके अलावा अवैध खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक मोडिफाइड ट्रैक्टर (केकड़ा) को भी मौके से जब्त कर वन अभिरक्षा में ले लिया गया। सभी जब्त वाहनों को रेंज स्टाफ और एसओजी टीम की सहायता से संबंधित वन चौकियों में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है। वन विभाग ने बताया कि मामले में नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नदी क्षेत्र और आरक्षित वन भूमि में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे गोपनीय और विशेष अभियानों के माध्यम से अवैध खनन में संलिप्त तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार, सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।






