रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग में अवैध खनन और वन संपदा की तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ा अभियान चलाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। गश्त के दौरान गुलजारपुर और नदी क्षेत्र में सक्रिय खनन माफियाओं पर शिकंजा कसते हुए टीम ने 6 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया, जो अवैध रूप से आरबीएम (खनिज) ढो रहे थे। प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन और उप प्रभागीय वनाधिकारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान वन सुरक्षा बल और रामनगर रेंज की टीम ने पापड़ी जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर सभी वाहनों को कब्जे में लिया।
पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को वन अभिरक्षा में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए पापड़ी चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा किया गया है। इसी कार्रवाई के दौरान ज्वालावन क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल को सागौन की लकड़ी ले जाते हुए भी पकड़ा गया, जो वन तस्करी का स्पष्ट मामला सामने लाता है। इसके अलावा वन विभाग की गश्ती गतिविधियों पर नजर रखने वाले दो संदिग्ध फील्डरों की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से खनन और तस्करी में लिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जंगलों और नदी क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





