- ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, कलियर में छापेमारी के दौरान बरामद हुई वाणिज्य मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं, आरोपी पहले भी NDPS एक्ट में जा चुका है जेल
देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ और ANTF को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने हरिद्वार जिले के कलियर क्षेत्र में कॉस्मेटिक जनरल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए हैं। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ के निर्देश और एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एसटीएफ/एएनटीएफ टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर को साथ लेकर कलियर क्षेत्र में कई संदिग्ध स्थानों और गोदामों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर पर छापा मारा गया, जहां से दुकान संचालक एहतिशाम उल हक पुत्र शहीद निवासी बुड्ढा हैदी थाना पथरी, हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप और प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए।
जांच में सामने आया कि आरोपी कॉस्मेटिक सामान की दुकान की आड़ में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री और सप्लाई कर रहा था। आरोपी इन दवाओं को मूल कीमत से कई गुना अधिक दामों में बेचकर अवैध लाभ कमा रहा था। एसटीएफ अब आरोपी से जुड़े अन्य लोगों और नशे के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार आरोपी का पहले भी नशीली दवाओं की बिक्री में आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना कलियर और अन्य स्थानों पर NDPS एक्ट की धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में एसटीएफ निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह बाजवा, ड्रग इंस्पेक्टर हरिश सिंह, उपनिरीक्षक कमाल हसन, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल मनमोहन और कांस्टेबल दीपक नेगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने आम जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी जैसे अपराधों में शामिल न हों। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना नजदीकी पुलिस स्टेशन या एसटीएफ/ANTF उत्तराखंड को देने की अपील की है।







