हल्द्वानी। बनभूलपुरा नई बस्ती स्थित स्वास्थ्य केंद्र को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 200 बेड के अस्पताल में तब्दील करने की मांग को लेकर शनिवार को समाजसेवी उवैस राजा ने अपने साथियों के साथ स्वास्थ्य केंद्र के बाहर धरना दिया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल के नाम ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की गई। उवैस राजा ने कहा कि बनभूलपुरा और आसपास के क्षेत्रों की बड़ी आबादी वर्तमान स्वास्थ्य सुविधाओं पर निर्भर है, लेकिन उपलब्ध संसाधन आबादी के अनुपात में पर्याप्त नहीं हैं। गंभीर स्थिति में मरीजों को उपचार के लिए बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी उठानी पड़ती है।
ज्ञापन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को कम से कम 200 बेड की क्षमता वाले आधुनिक अस्पताल के रूप में विकसित करने की मांग की गई। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों और पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ की नियुक्ति, 24 घंटे इमरजेंसी सेवा, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, ऑक्सीजन सुविधा, पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल में महिला एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, सामान्य चिकित्सा और सर्जरी सहित आवश्यक विभाग शुरू करने, पर्याप्त दवाइयां, एंबुलेंस, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट व पैरामेडिकल कर्मचारियों की नियुक्ति तथा मरीजों और तीमारदारों के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग रखी। उवैस राजा ने कहा कि बनभूलपुरा स्वास्थ्य केंद्र को 200 बेड के अस्पताल में विकसित किया जाना क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। उन्होंने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की।






