गदरपुर। 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने गदरपुर में “चेंज मेकर यूथ असेंबली” कार्यक्रम आयोजित कर संगठन को मजबूत करने और युवाओं को जोड़ने का संदेश दिया। कंबोज धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में सपा उत्तराखंड प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महंत शुभम गिरी का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा उत्तराखंड प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, किसानों और व्यापारियों की समस्याओं तथा कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता मौजूदा सरकारों की नीतियों से परेशान है और 2027 में बदलाव का मन बना चुकी है।
उन्होंने एसआईआर के तहत मतदाता सूची में लगाई जा रही आपत्तियों को लेकर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम पर आपत्तियां दर्ज हैं, वे अपने दस्तावेजों के साथ समय रहते एआरओ या बीएलओ से संपर्क कर अपना पक्ष रखें। सिद्दीकी ने दावा किया कि 2027 में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भाजपा का सफाया होगा और समाजवादी पार्टी मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी। कार्यक्रम के दौरान यतिन सागर, प्रधान मोहम्मद जावेद, दीपक प्रजापति और रवि चौधरी समेत कई लोगों ने अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला अध्यक्ष रवि छाबड़ा ने किया।






