देहरादून। लगातार हो रही भारी बारिश ने पहाड़ों में जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। अतिवृष्टि के कारण देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग पर पानी वाला बैंड क्षेत्र में सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए पूरे मार्ग को अग्रिम आदेशों तक यातायात के लिए बंद कर दिया है। सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। उप जिलाधिकारी मसूरी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अतिवृष्टि के चलते देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग के पानी वाला बैंड क्षेत्र में सड़क को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

मार्ग की स्थिति को देखते हुए किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में आमजन की सुरक्षा और जान-माल की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभाव से मार्ग को बंद करने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अग्रिम आदेशों तक इस मार्ग पर किसी भी प्रकार का परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। संबंधित विभागों को क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत और स्थिति का लगातार आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। लगातार जारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के बीच प्रशासन हाई अलर्ट पर है तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी लगातार की जा रही है।







