- घर से सटे विद्युत पोल से करंट उतरने की आशंका, मोहल्लेवासियों का दावा—पहले भी कई बार की गई थी शिकायत
हल्द्वानी। शहर में सोमवार देर शाम करंट की चपेट में आने से एक पिता और उसकी 12 वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में मातम पसर गया, जबकि परिजनों और स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला। मृतकों की पहचान नदीम पुत्र फईम (लगभग 40-45 वर्ष) और उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घर से सटे विद्युत पोल से करंट आने के कारण दोनों के इसकी चपेट में आने की बात सामने आ रही है। गंभीर हालत में दोनों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत पोल से करंट आने की समस्या को लेकर विद्युत विभाग से कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। हालांकि, करंट आने और हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, सपा प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी, भाजपा नेता मजहर नईम नवाब, इसरार अहमद और समाजसेवी उवैस राजा समेत कई लोग सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से जानकारी ली। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और प्रभावित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।











