- स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को किया याद, अधिकारियों-कर्मचारियों से पारदर्शिता और जिम्मेदारी से कार्य करने का आह्वान
देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग के विभागीय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रगौरव का माहौल नजर आया। विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आजादी हमें कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और राष्ट्रहित में पूरी ईमानदारी से योगदान देने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह अपने कार्य के माध्यम से जनहित और राष्ट्र निर्माण में प्रभावी योगदान दे। ध्वजारोहण कार्यक्रम में अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, उपनिदेशक मनोज श्रीवास्तव, रवि बिजारनीया, अर्चना सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।











