देहरादून। चारधाम यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और टैक्स चोरी पर लगाम कसने के लिए परिवहन विभाग ने व्यापक स्तर पर सख्त कार्रवाई की है। दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में 2300 से अधिक वाहनों की जांच करते हुए सैकड़ों चालान किए गए और बड़ी संख्या में वाहनों को सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देश पर 6 और 7 अप्रैल को देहरादून संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कुल 2313 वाहनों की चेकिंग की गई, जिसमें 345 वाहनों के चालान काटे गए और 87 वाहनों को सीज किया गया। वहीं अन्य राज्यों से बिना टैक्स के प्रवेश करने वाले वाहनों पर भी सख्ती बरतते हुए 2010 वाहनों की जांच में 81 चालान और 27 वाहन सीज किए गए।
यह अभियान देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की और विकासनगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में एक साथ चलाया गया। स्थानवार कार्रवाई में हरिद्वार में सबसे ज्यादा 726 वाहनों की जांच हुई, जबकि रुड़की और देहरादून में 581-581 वाहनों की चेकिंग की गई। ऋषिकेश में 830 वाहनों की जांच कर 67 चालान और 23 वाहन सीज किए गए।अभियान के दौरान परिवहन विभाग की कई टीमों ने संयुक्त रूप से काम करते हुए बिना परमिट, बिना टैक्स, ओवरलोडिंग और फिटनेस नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। विभाग ने साफ किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि राज्य में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।






