हल्द्वानी/नैनीताल। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 219 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 10 वाहनों को सीज कर दिया गया।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा नैनीताल शहर और उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर यह विशेष अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान रेंटल बाइक, टैक्सी-मैक्सी, भारी वाहनों और अन्य श्रेणी के वाहनों पर नजर रखते हुए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
आंकड़ों के अनुसार, रेंटल बाइक के 53, टैक्सी और मैक्सी के 90, भारी वाहनों के 25 और अन्य वाहनों के 51 चालान किए गए। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, बिना परमिट संचालन, यातायात नियमों की अनदेखी और अन्य उल्लंघनों को गंभीरता से लिया गया। इसके साथ ही 49 वाहनों के परमिट के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई, जिससे स्पष्ट संकेत दिया गया कि नियमों के उल्लंघन पर किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। जिला प्रशासन ने दो टूक कहा है कि सड़क सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





