BCCI अध्यक्ष का फर्जी निजी सचिव बनकर होटल में ऐश कर रहा ठग गिरफ्तार

हरिद्वार। खड़खड़ी क्षेत्र स्थित होटल उदमन आर्चिड में बीसीसीआई अध्यक्ष का फर्जी निजी सचिव बनकर ठहर रहे एक ठग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पांच दिनों से होटल की सुविधाओं का लुत्फ उठा रहा था और होटल में फर्जी बैठकों का आयोजन भी कर रहा था। होटल संचालक की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के पास से बीसीसीआई का फर्जी आईडी कार्ड भी बरामद हुआ है। मामला तब सामने आया जब होटल के रिसेप्शनिस्ट विशाल पोखरियाल ने पुलिस को सूचना दी कि 5 मार्च 2025 से अमरिंदर सिंह नाम का एक व्यक्ति होटल में ठहरा हुआ है। उसने खुद को बीसीसीआई अध्यक्ष का निजी सचिव बताया था। आरोपी होटल की सुविधाओं का इस्तेमाल कर रहा था और वहां फर्जी बैठकों का आयोजन भी कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। 

BCCI अध्यक्ष का फर्जी निजी सचिव बनकर होटल में ऐश कर रहा ठग गिरफ्तार

इसके बाद पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से बीसीसीआई का फर्जी आईडी कार्ड बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 319(2), 336(2), 338 और 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान अमरिंदर सिंह पुत्र किक्कर सिंह निवासी नाजूशाह, थाना कुलगढ़ी, जिला फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने ठगी के इसी तरह के कई मामलों को अंजाम दिया हो सकता है। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद रमोला, उपनिरीक्षक संजीत कंडारी, सहायक उपनिरीक्षक दीपक ध्यानी, कांस्टेबल राकेश नेगी और कांस्टेबल राहुल धानिक शामिल थे।

Advertisement

Read more

Local News