- रोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास और तकनीक पर हुआ सीधा संवाद
- नितिन नवीन बोले—युवा नौकरी लेने वाले नहीं, अवसर पैदा करने वाले बनें
हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में करियर, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। युवाओं ने भी सरकार की योजनाओं और रोजगार के अवसरों को लेकर सवाल और सुझाव रखे। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं की क्षमता को नई दिशा देने के साथ रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं को आगे बढ़ने के मंच दिए हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसर पैदा करने वाला बन रहा है।उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में युवाओं के लिए नई संभावनाएं खुल रही हैं। उत्तराखंड के युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को प्रदेश के विकास से जोड़कर राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने और राजनीति व सार्वजनिक जीवन में आगे आकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी सामर्थ्य से विकसित उत्तराखंड का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं” के संकल्प के साथ काम किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। धामी ने कहा कि युवाओं को सरकारी नौकरी तक सीमित रखने के बजाय स्वरोजगार, स्टार्टअप, होम स्टे, कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में भी अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खेलों में उत्तराखंड की बढ़ती उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक हासिल किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन, स्थानीय उत्पाद, विज्ञान, नवाचार, एआई, रोबोटिक्स और नई तकनीकों के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और सामर्थ्य ही विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।




