- राज्यसभा में दिए आश्वासन की याद दिलाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री धामी को निर्देश देने की मांग की, कहा—मामला करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा
नई दिल्ली। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण को लेकर राजनीतिक विवाद एक बार फिर गरमा गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा को पत्र लिखकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। खरगे ने पत्र की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए साझा करते हुए कहा कि घटना के 24 दिन बीत जाने के बावजूद जिम्मेदार व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ FIR तक दर्ज नहीं की गई है। खरगे ने कहा कि उन्होंने जेपी नड्डा को पत्र लिखकर राज्यसभा में उनके द्वारा दिए गए आश्वासन की याद दिलाई है। उन्होंने आग्रह किया कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने पत्र में कहा कि यह मामला केवल उनके व्यक्तिगत या भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद से जुड़ा नहीं है, बल्कि व्यापक तौर पर उन करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा है, जो ऐसी सामाजिक वास्तविकताओं का सामना करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। खरगे ने जेपी नड्डा से मांग की है कि राज्यसभा में दिए गए आश्वासन और सामने आए तथ्यों के आधार पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को निर्देशित कर रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण की घटना में शामिल व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई जाए। खरगे के इस पत्र के बाद हल्द्वानी के शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर सियासी घमासान और तेज होने के आसार हैं। कांग्रेस पहले से ही मामले में FIR दर्ज किए जाने की मांग को लेकर उत्तराखंड में प्रदर्शन कर रही है, जबकि भाजपा की ओर से कांग्रेस पर इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने के आरोप लगाए जा चुके हैं। ऐसे में खरगे का ताजा पत्र इस विवाद को एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीतिक बहस के केंद्र में ले आया है।






