- दिल्ली में आयोजित वार्षिक अधिवेशन एवं शिक्षा सेमिनार में समाज की शिक्षा, एकजुटता और युवाओं के भविष्य पर हुआ मंथन
नई दिल्ली। ऑल इंडिया मुस्लिम बंजारा विकास मंच का वार्षिक अधिवेशन एवं शिक्षा सेमिनार 17 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इस्लामिक कल्चर सेंटर, लोधी रोड में आयोजित किया गया। अधिवेशन में मंच से जुड़े पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने भाग लेकर शिक्षा, सामाजिक विकास और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में शाहीन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन डॉ. अब्दुल कदीर और यूथ लीडर फहद अहमद सहित विभिन्न गणमान्य लोगों ने शिरकत की। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा सामाजिक और आर्थिक प्रगति की मजबूत नींव है। समाज की नई पीढ़ी को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराकर ही उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जा सकते हैं और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है। मंच के कोर कमेटी अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अब्दुल कवी ने कहा कि समाज के विकास के लिए सभी को मिलकर काम करने की आवश्यकता है।

शिक्षा के महत्व को घर-घर तक पहुंचाने के साथ युवाओं के लिए बेहतर अवसर तैयार करने पर विशेष ध्यान देना होगा, ताकि समाज के पिछड़े लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। वार्षिक अधिवेशन के दौरान मंच की राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए। हल्द्वानी के मो. आदिल को यूथ का राष्ट्रीय महासचिव, मेहमूद बंजारा को प्रदेश अध्यक्ष और असीम मिकरानी को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा इस्लाम मिकरानी को जिला अध्यक्ष और समीर मिकरानी को नगर अध्यक्ष बनाया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज को संगठित करने, युवाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामाजिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को आगे लाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। मंच पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा और संगठन के माध्यम से समाज की नई पीढ़ी को बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना प्राथमिकता रहेगी।





