- गोरापड़ाव में देर रात वारदात से मचा हड़कंप
- तमंचे दिखाकर लोगों को बनाया बंधक
- पुलिस ने चार टीमें गठित कर शुरू की बदमाशों की तलाश
हल्द्वानी। गोरापड़ाव क्षेत्र में बुधवार देर रात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक कमर्शियल ऑफिस में घुसकर बड़ी डकैती को अंजाम दे दिया। 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने खुद को पुलिस की SOG टीम बताकर ऑफिस में मौजूद लोगों को तमंचे के बल पर डराया और करीब 8 लाख रुपये की नकदी, सोने की चेन-अंगूठियां और 12 मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र के एक ऑफिस में कुछ लोग मौजूद थे। इसी दौरान एक कार वहां आकर रुकी। कार से करीब 8 से 10 लोग बाहर निकले और हथियारों के साथ ऑफिस में दाखिल हो गए। बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों पर तमंचे तान दिए और खुद को पुलिस की SOG टीम बताया। अचानक हुई इस कार्रवाई से ऑफिस में मौजूद लोग सहम गए और किसी ने विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटाई।
बदमाशों ने ऑफिस में रखी जुए की करीब 8 लाख रुपये की रकम अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से सोने की अंगूठियां और दो सोने की चेन भी उतरवा लीं। बदमाशों ने जाते समय लोगों के करीब 12 मोबाइल फोन भी लूट लिए, ताकि वारदात के तत्काल बाद पुलिस को सूचना न दी जा सके। इसके बाद सभी बदमाश कार में सवार होकर बरेली रोड की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की हैं। सर्विलांस टीम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान के साथ ही उनके भागने के रास्तों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं। SOG बनकर हथियारों के बल पर की गई इस वारदात ने हल्द्वानी में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।





