हल्द्वानी। वरिष्ठ नागरिक से सोने की अंगूठी झपटकर फरार हुए आरोपी को मुखानी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटमारी की गई अंगूठी और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लूट, धोखाधड़ी और झपटमारी समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक 8 अगस्त को भूमिया बिहार, कुसुमखेड़ा निवासी महेंद्र चंद तिवारी के हाथ से अज्ञात व्यक्ति 6-7 ग्राम की सोने की अंगूठी झपटकर फरार हो गया था। मामले में 10 अगस्त को मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल को शीघ्र खुलासे के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।
एसपी सिटी के पर्यवेक्षण और मुखानी प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति नजर आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। 11 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुखानी क्षेत्र से संदिग्ध को बिना नंबर की स्कूटी के साथ दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से झपटमारी की गई पीली धातु की अंगूठी बरामद हुई।गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद शर्मा (60) निवासी गोजानी, रामनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ उत्तराखंड के पंतनगर, क्लेमेंट टाउन, मुखानी और बाजपुर के अलावा उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।






