हल्द्वानी। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी बनने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे वरिष्ठ नेता प्रकाश जोशी का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। स्वराज आश्रम में आयोजित बैठक में 8 अगस्त को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रस्तावित जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी बनाए जाने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश जोशी का कांग्रेस भवन स्वराज आश्रम में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, पुष्पगुच्छों और जोरदार नारों के बीच भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने प्रकाश जोशी के लंबे संगठनात्मक अनुभव और पार्टी के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। स्वागत समारोह के बाद आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में 8 अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रस्तावित विशाल जनसभा और रैली की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, बूथ स्तर तक संगठनात्मक जिम्मेदारियां, जनसंपर्क अभियान, प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रकाश जोशी ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, अनुशासन और उत्साह के साथ जनसभा की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा, संविधान की रक्षा और जनहित के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और मेहनत से मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगी। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रकाश जोशी जैसे अनुभवी नेता का मार्गदर्शन संगठन को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 8 अगस्त की जनसभा को उत्तराखंड की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक जनसभा बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।






