नैनीताल। भारत मौसम विभाग द्वारा 29 जुलाई को नैनीताल जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां तत्काल पूरी करने को कहा है। साथ ही भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील सड़कों और आपदा प्रभावित इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि भारी वर्षा के दौरान भूस्खलन और मलबा आने से मार्ग बाधित होने की स्थिति में राहत कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सभी संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीनें और गैंग कर्मियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सड़कें जल्द से जल्द सुचारु की जा सकें।
इसके साथ ही गिरे हुए पेड़ों और मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्यालय पर उपलब्ध रहने, मोबाइल फोन चौबीसों घंटे चालू रखने तथा तहसील स्तर पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीमों (QRT) को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संसाधनों और राहत-बचाव उपकरणों को पहले से तैयार रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181, मोबाइल 8272080884 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और हालात के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।







