नैनीताल। कानून व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर नैनीताल जिला प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शस्त्रों के दुरुपयोग और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों पर कड़ा प्रहार किया।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने चार शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही चार आदतन अपराधियों को छह माह के लिए जनपद से जिला बदर करने के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि अपराध और हथियारों के दुरुपयोग के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर सख्ती से अमल किया जाएगा। जिला प्रशासन के अनुसार काठगोदाम निवासी त्रिभुवन चंद का लाइसेंसी पिस्टल से सार्वजनिक स्थल पर फायरिंग करने के मामले में शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। वहीं रामनगर निवासी ललित बेलवाल का लाइसेंस भी रद्द किया गया, क्योंकि उनके लाइसेंसी हथियार का इस्तेमाल उनके भाई उमेश बेलवाल द्वारा हमले में किया गया था। इसके अलावा बनभूलपुरा निवासी इश्तियाक अली और इंदिरा नगर निवासी मोहम्मद सलीम के शस्त्र लाइसेंस भी आपराधिक मामलों में संलिप्तता के आधार पर निरस्त कर दिए गए। हालांकि उपलब्ध अभिलेखों की समीक्षा के बाद सतीश नैनवाल, निसार सिद्दीकी, शाहनवाज मलिक और अदनान नवाब के विरुद्ध चल रही लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई समाप्त कर दी गई।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत भी बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर निवासी रोहित पांडे, मल्लीताल निवासी देव सिंह जाटव, हल्द्वानी के आवास विकास निवासी गौरव मेहंदी रत्ता तथा हिमांशु पंत उर्फ पटाखा को छह माह के लिए जनपद नैनीताल की सीमा से बाहर रहने के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन के अनुसार इन सभी के खिलाफ हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं तथा उनकी गतिविधियां कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनी हुई थीं। वहीं समीक्षा के बाद चंदन टाकुली, विश्वनाथ और जीवन कनवाल के विरुद्ध चल रही गुंडा एक्ट की कार्रवाई समाप्त कर दी गई है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट कहा कि शस्त्र अनुज्ञप्ति कोई सामान्य अधिकार नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति हथियारों का दुरुपयोग करता है या कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बनता है तो उसके खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए प्रशासन की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।





