हल्द्वानी। चोरगलिया रोड रेलवे क्रॉसिंग से गोला पुल को जोड़ने वाले मार्ग की अधूरी सुरक्षा दीवार और गोला पुल की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। मौके पर निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधूरे कार्य पर नाराजगी जताते हुए तत्काल रिपोर्ट तैयार कर शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही गोला पुल की रेलिंग पर सुरक्षा जाली लगाने की मांग भी दोहराई, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं और अव्यवस्था पर रोक लगाई जा सके। निरीक्षण के दौरान विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि इस सड़क की सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने करीब दो करोड़ रुपये की योजना बनाई थी। अधिकांश हिस्से में सुरक्षा कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन करीब 50 से 60 मीटर का हिस्सा अब भी अधूरा है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकारी थी कि पूरा कार्य हो चुका है, लेकिन मौके पर पहुंचने पर पता चला कि शेष हिस्से के लिए बजट ही स्वीकृत नहीं हुआ। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए अधिकारियों को तत्काल रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजने और जल्द धनराशि स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि यदि यह कार्य समय रहते पूरा नहीं हुआ तो पिछली बरसात जैसी स्थिति फिर से पैदा हो सकती है।

विधायक ने गोला नदी पर बने गोला पुल की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पुल की दोनों रेलिंग के ऊपर सुरक्षा जाली लगाना बेहद जरूरी है। हाल ही में हुई घटनाओं के अलावा पुल पर युवाओं की भीड़, सेल्फी लेने की प्रवृत्ति और इससे उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या भी चिंता का विषय है। उन्होंने अधिकारियों से इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई करने को कहा। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भारी बारिश के दौरान चोरगलिया रोड रेलवे क्रॉसिंग से गोला पुल को जोड़ने वाली सड़क का हिस्सा धंस गया था, जिसके बाद क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी। वर्तमान में भी सुरक्षा दीवार का निर्माण अधूरा होने से लोगों में आक्रोश बना हुआ है। हाल ही में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश पंत ने भी कार्यभार संभालने के बाद स्थल का निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत और सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का भरोसा दिया है, ताकि मानसून के दौरान यातायात बाधित न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता प्रत्युष कुमार, नायब तहसीलदार कुंदन गोस्वामी, पटवारी संजय प्रसाद, स्थानीय पार्षद सलीम सैफी तथा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष इसरार अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





