- डायल-112 की सूचना पर AHTU व ट्रांजिट कैंप पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, होटल संचालक से पूछताछ जारी
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में नाबालिगों को लाकर अनैतिक गतिविधियां कराए जाने की शिकायत ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। डायल-112 पर मिली शिकायत को गंभीरता से लेते हुए AHTU ऊधम सिंह नगर और ट्रांजिट कैंप पुलिस की संयुक्त टीम ने हनुमान मंदिर के पास स्थित होटल समेत आसपास के होटल व प्रतिष्ठानों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को शिकायत मिलने के बाद टीम ने संबंधित क्षेत्र में तत्काल कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान अपना होटल में कुछ अनियमितताएं पाए जाने पर होटल संचालक संजीव गुप्ता से पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि मौके पर संचालक द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, जिसके बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया गया।
पुलिस टीम ने होटल में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग, एंट्री-एग्जिट रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेख अपने कब्जे में लिए हैं। होटल संचालक को पूछताछ के लिए चौकी आवास विकास लाया गया, जहां उससे मामले को लेकर पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत में लगाए गए आरोपों और चेकिंग के दौरान सामने आए तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों से जुड़ी किसी भी अनैतिक गतिविधि में संलिप्तता सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










