हल्द्वानी। मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और जलभराव के खतरे को देखते हुए हल्द्वानी प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। रक्सिया, कलसिया और देवखड़ी नालों के साथ गोला नदी के किनारे स्थित संवेदनशील क्षेत्रों में 150 भवनों को चिह्नित कर उनके स्वामियों को नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाना होगा। मानसून को देखते हुए उपजिलाधिकारी हल्द्वानी के नेतृत्व में प्रशासन ने गुरुवार को तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पाण्डे और राजस्व उप निरीक्षक काठगोदाम के साथ रक्सिया नाला, कलसिया नाला, देवखड़ी नाला तथा गोला नदी के किनारे बसे संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बाढ़ और जलभराव से प्रभावित होने की आशंका वाले लगभग 150 भवनों और अन्य संरचनाओं को चिह्नित किया गया।
प्रशासन ने इन सभी भवनों के स्वामियों और निवासियों को नोटिस जारी कर आगाह किया है कि मानसून के दौरान नदियों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे जन-धन की हानि की आशंका बनी रहती है। नोटिस में सभी परिवारों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और आवश्यकता पड़ने पर बिना देरी सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित होने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को नदी और नालों के किनारों पर अनावश्यक रूप से नहीं जाने, बच्चों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन और जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की।







