नैनीताल। भारत मौसम विभाग द्वारा 9 जुलाई के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने, मुख्यालय न छोड़ने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील और भूस्खलन संभावित मोटर मार्गों पर 24 घंटे जेसीबी मशीनें और कार्मिक तैनात रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान पेड़ गिरने या मलबा आने से बाधित मार्गों को तत्काल खोला जा सके।
उन्होंने सभी अधिकारियों को मोबाइल फोन चौबीसों घंटे चालू रखने और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।प्रशासन ने आम जनता से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 05942-231178, 231179, 231181, मोबाइल 8272080884 अथवा टोल-फ्री नंबर 1077 पर दी जा सकती है।







