- जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों को सतर्क रहने के दिए निर्देश, संवेदनशील क्षेत्रों में जेसीबी और क्यूआरटी टीमें रहेंगी तैनात
नैनीताल। मानसून के बीच मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में 2 और 3 जुलाई 2026 को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों और अधिकारियों को हाई अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिले के सभी अधिकारी और कर्मचारी लगातार निगरानी बनाए रखेंगे। नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहेगा। भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, पेड़ गिरने और सड़क मार्ग बाधित होने की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीन और आवश्यक कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था के तहत जिले, परगना और विकासखंड स्तर पर नियुक्त अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालय में हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं तहसील स्तर पर गठित क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी सक्रिय रहने को कहा गया है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन चालू रखने तथा हर घंटे आपदा से संबंधित सूचनाएं तहसील कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि 2 और 3 जुलाई के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। लोग नदी-नालों के किनारे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181, मोबाइल नंबर 8272080884 और टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।







